Coronavirus : संक्रमित सिविल इंजीनियर की पत्नी की रिपोर्ट भी पॉजीटिव, जिले में पॉजिटिव केस हुए नौ। #PrayagrajNews
लूकरगंज में मिले कोरोना वायरस पॉजीटिव मरीज की पत्नी भी कोरोना वायरस से संक्रमित है। शनिवार रात सैंपल की रिपोर्ट आने पर पता चला कि सिविल इंजीनियर मरीज की पत्नी की कोराेना वायरस रिपोर्ट पॉजीटिव है। यह पता चलने के बाद महिला को तत्काल क्वारंटाइन सेंटर से कोटवा सीएचसी कोविड लेवल वन अस्पताल ले जाया गया।
प्रयागराज में कोरोना पॉजिटिव की संख्या बढ़कर हुई नौ
वहीं सिविल इंजीनियर के साले और उनकी पत्नी की रिपोर्ट निगेटिव आई है। परिवार के अन्य सदस्य भी क्वारंटाइन किए गए हैं। उनकी भी बारी बारी से सैंपल की जांच की जाएगी। अब जिले में कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों की संख्या नौ हो गई है।
तेज बुखार की शिकायत पर सिविल इंजीनियर एसआरएन में भर्ती
उधर, लूकरगंज में मिले कोरोना पॉजिटिव सिविल इंजीनियर को शनिवार को कोटवा सीएचसी से एसआरएन में भर्ती करा दिया गया है। मरीज को तेज बुखार के साथ-साथ ब्लड प्रेशर की भी समस्या थी।
कोटवा सीएचसी में कराया गया था भर्ती
लूकरगंज के सिविल इंजीनियर की रिपोर्ट शुक्रवार को पॉजीटिव आने पर लेवल वन कोटवा एट बनी सीएचसी में भर्ती कराया था। शनिवार की सुबह से उसे तेज बुखार होने लगा। यह देख डॉक्टर भी परेशान हो गए। ऐसे में कोटवा सीएचसी के अधीक्षक डॉ. अमृत लाल यादव ने उच्चाधिकारियों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद मरीज को लेवल थ्री के अस्पताल स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। इलाज में लगे डॉक्टरों ने बताया कि मरीज को तेज बुखार और ब्लड प्रेशर की समस्या है। उसका इलाज किया जा रहा है।
