#CAA का विरोध : मंसूर अली पार्क में नौंवे दिन भी धरना जारी


नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) के खिलाफ महिलाओं का मंसूर अली पार्क में धरना-प्रदर्शन लगातार नौवें दिन जारी रहा। सोमवार को संतों की एक टोली भी धरनास्थल पर पहुंची। उन्होंने महिलाओं के प्रदर्शन को समर्थन दिया। बोले, वह उनके इस विरोध प्रदर्शन में हर तरह का सहयोग करेंगे।
सीएए वापस लेने व एनआरसी लागू न करने की मांग को लेकर महिलाएं पिछले नौ दिनों से रोशनबाग स्थित मंसूर पार्क में धरना दे रही हैं। छोटे-बड़े दर्जनों संगठन अब तक इस आंदोलन को अपना समर्थन दे चुके हैं। सोमवार को पूरे दिन धरना-प्रदर्शन चला। महिलाओं व लड़कियों ने धरने को संबोधित किया। दोपहर बाद माघ मेला में कल्पवास कर रहे कुछ संत की एक टोली धरना स्थल पर पहुंची। इनमें संतोष नंद महाराज, उदासीन महाराज, सुधाकर चार्य, श्याम सुंदर व ब्रह्मचारी महाराज थे। ये सभी मध्य प्रदेश से माघ मेला में आए हैं।
संतोष नंद ने धरना दे रहे लोगों को अपना समर्थन देते हुए कहा कि वह उनके साथ हैं। देश में सुकून रह रहे सभी धर्म के लोगों का सरकार लड़वाने का काम कर रही है। ऐसा कतई नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने प्रदर्शनकारियों को हर तरह का सहयोग देने की बात कही।

आज करेंगे हवन
मंसूर पार्क में धरना स्थल पर संत समाज के लोग हवन-पूजन करेंगे। संतोष नंद महाराज ने कहा कि वह धरने के समर्थन में वह मंगलवार को 11 संतों के साथ मौके पर पहुंचेंगे। वहां हवन-पूजन करेंगे। उन्होंने कहा कि यह सर्व समाज की ओर से आयोजित किया जाएगा। इसमें सभी धर्मों के लोग शामिल होंगे।